हादसे में मृत अजय कुमार की मडराक थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में शादी तय हो चुकी थी। 25 दिसंबर को शादी होनी थी। अजय कुमार की होने वाली ससुराल से रस्म के तौर रक्षाबंधन के लिए सामान भी आया था। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। हादसे में भतीजी सहित उसकी मौत से शादी की खुशियां काफूर हो गईं।
गोंडा-इगलास मार्ग पर गांव गिलहटा के मोड़ के पास रोडवेज बस ने आगे चल रही बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार चाचा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि दादा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे का है। घायल का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
गांव हसनगढ़ निवासी अजय कुमार (20) तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बृहस्पतिवार को उनकी भतीजी रोशनी पुत्री ओमी सिंह (7) की तबीयत खराब हो गई। वह बाइक पर रोशनी और अपने मान सिंह को लेकर दवा लेने गोंडा आए थे। यहां से लौटते समय बृहस्पतिवार की शाम करीब साढे़ सात बजे गांव गिलहटा के मोड़ के समीप पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही रोडवेज बस सहित चालक वहां से भाग निकला। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। तीनों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां अजय कुमार और रोशनी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल मान सिंह का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी परिवार से तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
दो माह बाद होनी थी अजय की शादी
हादसे में मृत अजय कुमार की मडराक थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में शादी तय हो चुकी थी। 25 दिसंबर को शादी होनी थी। अजय कुमार की होने वाली ससुराल से रस्म के तौर रक्षाबंधन के लिए सामान भी आया था। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। हादसे में भतीजी सहित उसकी मौत से शादी की खुशियां काफूर हो गईं। वहीं रोशनी दो बहनें थीं। वह बड़ी थी। चाचा-भतीजी की मौत से परिवार सहित गांव में मातम पसरा है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को गांव में दोनों के शव का अंतिम संस्कार किया गया।