संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला प्रशासन को फोकस अल्ट्रासाउंड के संबंध में शिकायत मिली थी कि वहां पर सीटी स्कैन का निर्धारित दर से अधिक चार्ज लिया जा रहा है। इस क्रम में एसीएमओ के साथ एसडीएम ने इस अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया था। अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक को नोटिस भी दिया गया था।
एसडीएम ने फोकस अल्ट्रासाउंड के मालिक और प्रबंधक को निर्देशित किया कि वह सभी जांचें अनुमन्य दरों पर ही करें। फोकस अल्ट्रासाउंड के मालिक डॉ. विकास कुमार शर्मा से वार्ता कर सीटी स्कैन के नवीन रेटों को पहले से लगभग आधी कीमत पर निर्धारित कराया गया।
एक्सरे के रेट भी घटाए गए हैं, ताकि मरीजों को जांच कराने में असुविधा का सामना न करना पड़े। एसडीएम ने बताया कि यदि उनके द्वारा नई दरों से अधिक दरों पर जांच करने की शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।