सिकंदराराऊ (हाथरस)। कस्बे के कासगंज रोड स्थित बाईपास पर रविवार की रात्रि में एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गिरेंद्र (28) की मौत हो गई, जबकि अलीगढ़ रोड पर हुए एक अन्य हादसे में युवक विकास (26) की मौत हो गई।
कासगंज रोड स्थित गांव फरीदाबाद निवासी गिरेंद्र पुत्र लेखराज यादव शनिवार की देर रात बेहोशी की हालत में कासगंज बाईपास के निकट खेतों में मिले। हाईवे पर उनकी बाइक क्षतिग्रस्त पड़ी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उनको मृत घोषित कर दिया।
रात्रि में ही मृतक के परिजन ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दूसरी दुर्घटना रविवार की रात्रि 1:30 बजे हाईवे पर अलीगढ़ जिले के गांव हुसैनपुर के निकट हुई। यहां एटा की तरफ जा रही मैक्स पिकअप में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप में सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने विकास पुत्र अशोक कुमार निवासी नवाबगंज फर्रुखाबाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि घायल का उपचार चल रहा है।