हाथरस शहर के दो अलग-अलग इलाकों में हार्ट अटैक से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं सासनी के शाहपुर खुर्द में महिला को फ्रिज खोलते समय करंट लग गया।
हाथरस सदर क्षेत्र के बीएच मिल उपाध्याय कॉलोनी की निवासी 56 वर्षीय इंद्रा देवी को 29 अगस्त की रात को अचानक घबराहट हुई। परिजन उन्हें अचेत अवस्था में बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि उन्हें सीने में दर्द हुआ था।
वहीं, तमना गढ़ी निवासी माया देवी को 30 अगस्त की सुबह सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उपचार के लिए उन्हें बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां चिकित्सक ने माया देवी को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर चले गए।
फ्रिज खोलते समय लगा करंट
सासनी के शाहपुर खुर्द निवासी राधा 30 अगस्त को अपने घर में कार्य कर रहीं थीं। कार्य के दौरान फ्रिज खोला तो उन्हें करंट लग गया। करंट लगते ही वे अचेत हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए।