संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर इलाके में आगरा रोड स्थित गैलेक्सी होटल के सामने दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर मारपीट करने वाले दोनों पक्षों के लोग वहां से भाग गए। यहां से पुलिस ने एक लावारिस कार को कब्जे में लिया है।
शहर के आगरा रोड पर दो पक्षों के लोग जमा थे। उनमें ज्यादातर लोग नशे में धुत थे। यहां पर दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की होने लगी। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। यह देखकर वहां से गुजर रहे लोग इधर-उधर भागने लगे।
इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस को आते देख हंगामा और मारपीट करने वाले दोनों पक्षों के लोग वहां से भाग गए। यहां पुलिस को एक कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।