दो सड़क हादसों में एक बुजुर्ग महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने घायल व्यक्ति का जिला अस्पताल में उपचार कराया व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
29 वर्षीय खेमू चौधरी पुत्र केशव निवासी गांव सिंगोथू थाना छाता जिला मथुरा राहुल निवासी तमना गढ़ी थाना हाथरस गेट के साथ बाइक से हाथरस से आगरा की तरफ जा रहा था। जैसे वह आगरा रोड पर दून पब्लिक स्कूल के निकट पहुंचे, तभी किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हा गए। दोनाें को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने खेमू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर चले गए।
इधर, उर्मिला देवी पत्नी गजेंद्र निवासी गांव बिचपुरी थाना मुरसान को सांप ने डस लिया। उर्मिला की 70 वर्षीय सास सत्तो देवी पत्नी त्रिलोकी राम अपने बेटे के साथ बाइक से अपनी पुत्रवधू को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आ रही थीं। रास्ते में सत्तो देवी बाइक से गिर गईं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सक ने उन्हें रेफर कर दिया। उपचार के लिए आगरा ले जाते समय रास्ते में ही सत्तो देवी ने दम तोड़ दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव लेकर चले गए।