हाथरस जंक्शन क्षेत्र में कुर्की की कार्रवाई के दौरन मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी। संवाद
- फोटो : samvad
माफिया और तस्कराें के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू में गैंगस्टर एक्ट के दो अभियुक्तों की 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली है।
सीओ सिकंदराराऊ व उपजिलाधिकारी नगर रवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना हाथरस जंक्शन पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के शातिर गैंगस्टर राजकुमार व सुनील उर्फ सोनू पुत्रगण हरिओम निवासी मोहल्ला वामन खेड़ी, मेंडू थाना हाथरस जंक्शन की लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
सोनू उर्फ सुनील और राजकुमार द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध धन अर्जित कर बनाए गए मकान, एक कार और तीन भूखंडों को जब्त किया है। आरोपियाें के खिलाफ पूर्व में अवैध मादक पदार्थों की खरीद व बिक्री, लड़ाई-झगड़ा, जान से मारने के प्रयास के विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।
सुनील उर्फ सोनू पुत्र हरिओम व उसकी पत्नी सुमन गोस्वामी निवासी मोहल्ला वामन खेड़ी की 22,48,436 रुपये की चल-अचल संपत्ति, राजकुमार पुत्र हरिओम व उसकी पत्नी गिरिजा निवासी मोहल्ला वामनखेड़ी की 27,65,090 रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है।