नगर पंचायत मेंडू की बोर्ड बैठक में शामिल अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी व सदस्य। संवाद
- फोटो : samvad
नगर पंचायत कार्यालय में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें कस्बे की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और निर्माण कार्याें से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। नगर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए घरेलू और व्यावसायिक कूड़े को सीधे नगर पालिका की गाड़ी में डलवाने के लिए प्रत्येक घर को दो कूड़ेदान देने का प्रस्ताव पास किया गया।
काफी समय से लंबित मुद्दों पर चर्चा के लिए जल्द ही विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सचेंद्र कुशवाहा ने की और संचालन अधिशासी अधिकारी नरेश कुमार यादव ने किया। ईओ ने बताया कि जनरेटर द्वारा दी जाने वाली प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तारों को पूर्ण रूप से बदलवाने का प्रस्ताव पास किया गया है।
नगर पंचायत क्षेत्र में पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णत: वर्जित करने के लिए प्रत्येक परिवार को दो-दो कपड़े के थैले वितरित करने का निर्णय लिया गया। नगर क्षेत्र में खुले में कूड़ा डालने वाले व्यक्ति पर प्रथम बार 100 रुपये, दूसरी बार 500 रुपये और तीसरी बार एक हजार रुपये का जुर्माना लगाने की व्यवस्था की गई। नगर पंचायत क्षेत्र के तहत आने वाली राजमार्ग की सीमा पर दोनों तरफ पटरी बनाकर पेड़ लगाने के लिए राजमार्ग प्राधिकरण से आज्ञा लेकर कार्य किये जाने का भी प्रस्ताव पास हुआ। बैठक में सभी सदस्य भी मौजूद थे।