क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो अंतरजिला बदमाशों को हाथरस जंक्शन पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों जिले में कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचा 315 बोर, चार कारतूस, एक खोखा, दो बाइक, 19500 रुपए सहित अन्य सामान बरामद किए।
इस संबंध में एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 15 अगस्त को कोतवाली हाथरस जंक्शन एसएचओ मनोज शर्मा और एसओजी प्रभारी सुधीर कुमार राघव की टीम ने जलेसर रोड मिर्जापुर को जाने वाली सड़क पर बदमाशों की घेराबंदी की। यहां पर बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ भी हुई। जिसके बाद शातिर बदमाश कन्हैया उर्फ कृष्णकांत पुत्र कालीचरन निवासी वन विभाग वाली गली सादाबाद व सुलेमान उर्फ सुल्लापुत्र कमरुद्दीन निवासी मडनई सादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि गोपाल निवासी पिरसुआ थाना राया पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। इनके साथी महेश व सोनू निवासी सुरीर भी फरार चल रहे हैं।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने 26 जुलाई 2019 को गंगौली पुल और 13 मई 2019 को दौलतपुर सलेमपुर के बीच एक स्कूटी सवार महिला से मोबाइल और 2500 रुपए लूटे थे। 19 जुलाई 2019 को बस्तोई भट्टा थाना हसायन से सुबह सात बजे शिक्षक से 24 हजार रुपए और पल्सर बाइक लूटे थे। 27 जुलाई 2019 को इगलास रोड सासनी से पेट्रोल पंप के कर्मचारी को बंधक बनाकर 48 हजार रुपए और 23 जून 2019 को हतीसा पुल से अपाचे बाइक लूटने की घटना स्वीकारी। उन्होंने बताया कि लूट की बाइकों को बेचने के लिए वे महेश व सोनू को देते हैं। यह भी बताया कि शातिर कन्हैया अपने सहयोगियों के साथ 27 मई 2015 को टूंडला रेलवे ओवरब्रिज से रोडवेज बस में सवार मुल्जिम पंकज उर्फ भोला निवासी ढाटोली थाना गोंडा (जो मुठभेड़ में मारा जा चुका है) को मथुरा पेशी पर ले जाते वक्त एक पुलिस कर्मी की आंख में मिर्च डालकर और दूसरे को गोली मारकर छुड़ा ले गया था। कन्हैया पर हाथरस, मथुरा और फिरोजाबाद में 21 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुलेमान पर मथुरा और हाथरस में आठ-आठ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ मनोज कुमार शर्मा, एसओजी प्रभारी सुधीर कुमार राघव, एसआई रविंद्र सिंह, सवलेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप सिंह, अजय चौधरी, जितेंद्र कुमार, सचिन थामा, विकास चौधरी, शिलेश कुमार, अजय कुमार और रोहित राणा शामिल थे।