संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नगला सिंगी और नगला प्रह्लाद में छह लोगों की शराब पीने से मौत के बाद नगला गजुआ के दो चचेरे भाइयों की मौत भी शराब पीने से होने की बात सामने आई है। गांव में कहा जा रहा है कि इन दोनों भाइयों ने भी उसी दुकान से शराब खरीद कर पी थी, जिस दुकान से नगला सिंगी और नगला प्रहलाद के लोगों ने कुल देवता की पूजा के लिए शराब मंगवाकर बची हुई शराब को पीया था।
अब एक बात तो बिल्कुल साफ हो गई है कि नगला सिंगी व नगला प्रहलाद के जो लोग शराब पीने के बाद मौत की आगोश में समा गए हैं, उनकी शराब में कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर था, लेकिन शराब में क्या था, यह बात अभी साफ नहीं है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि, क्योंकि इस घटना से दो दिन पहले सोमवार को नगला गजुआ निवासी दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
गांव के लोगों को जब यह पता चली कि शराब पीने से नगला सिंगी व नगला प्रहलाद के छह लोगों की मौत हुई है तो उन्होंने बताया कि जिस दुकान से इन लोगों ने शराब खरीदी थी, उसी दुकान से नगला गजुआ के दोनों चचेरे भाइयों ने भी शराब खरीद कर पी थी, जिसके बाद उन दोनों की एक दिन के अंतर पर मौत हो गई।
अब इस मामले में नगला गजुआ के लोग उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कह रहे हैं। अभी यह मामला अनसुलझा हुआ है, क्योंकि यह बात अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है कि शराब जहरीली थी या उसमें किसी ने कुछ मिलाया था। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।