चंदपा क्षेत्र के गांव महमूदपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर इंटरमीडिएट के दो छात्रों के साथ बुधवार को मारपीट की गई। इसकी शिकायत छात्रों के पिता ने पुलिस से की है।
हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव दयानतपुर निवासी नरेंद्र का कहना है कि उनके दो बेटे रमनपुर स्थित एक विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे। उनके साथ सासनी के गांव रघनिया निवासी एक अन्य छात्र भी पढ़ता था। कुछ समय पहले आरोपी छात्र ने उनके बेटे से अपशब्द कहे। उनके बेटे ने जवाब दिया तो दोनों में झगड़ा हो गया।
इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की गई थी। प्रधानाचार्य ने दोनों को फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी देकर भेज दिया था। बाद में दोनों छात्रों का परीक्षा केंद्र महमूदपुर चंदपा में आ गया।
18 फरवरी को शाम की पाली में पेपर छूटने के बाद आरोपी छात्र ने 4-5 अन्य लड़कों को बुलाकर उनके बेटों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनके बेटों की कनपटी पर कट्टा रखकर जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ अमित पाठक का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद