आरपीएफ ने सिटी रेलवे स्टेशन से तस्करी कर ले जाए जा रहे समुद्री सीप बरामद किए। ये सीप इलाहाबाद, बांद्रा, लखनऊ एक्सप्रेस के जरिए हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन आए थे। आरपीएफ ने स्टेशन से दो लोगों को एक बाइक सहित पकड़ा है। समुद्री सीप वन विभाग की टीम को सौंप दिए गए हैं।
रविवार की दोपहर को बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन के आने पर हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के कांस्टेबल प्रदीप पांडेय और राजेश कुमार गश्त पर थे। दो व्यक्ति कुछ भारी सामान ले जाते हुए दिखे। शक के आधार पर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
जब इन बोरों को खुलवाकर देखा तो वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यह जीवित सीप हैं। आरपीएफ प्रभारी उदयराज ने वन विभाग के अधिकारियों को बुलाया। पड़ताल के बाद बरामद एक हजार 55 सीपों को वन दारोगा हरी सिंह के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार पकड़े गए लोगों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह, पुत्र राम सिंह निवासी त्रिपुरारी नगर और पूरन सिंह, पुत्र वीर सिंह निवासी नगला दुर्जी बताए हैं।
---
बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन के आने पर दो कांस्टेबल गश्त पर थे। बोरों में भारी सामान ले जाते हुए दो व्यक्ति दिखे। व्यक्तियों से बोरों को खुलवाकर देखा गया तो इनमें 1,055 सीप निकले। सीप को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है।
-उदयराज, आरपीएफ चौकी प्रभारी