कोतवाली पुलिस ने आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित चंद्रा फार्म हाउस के पास हुए सैन्यकर्मी हत्याकांड में जिला कारागार अलीगढ़ में निरुद्ध दो अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त असलहे और बाइक बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चर्चित हत्याकांड के अहम साक्ष्य सामने आए हैं।
पांच फरवरी 2026 को ग्राम समदपुर निवासी डौली कुमारी ने थाना सादाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भाई अखिलेश कुमार भारतीय सेना में सैनिक थे। वह हाथरस न्यायालय से तारीख कर अपने मित्र की कार से आगरा की ओर जा रहे थे। तभी आगरा-अलीगढ़ रोड पर चंद्रा फार्म हाउस के समीप ईको कार और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से अखिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अभियुक्त यतेंद्र और आशीष शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर दोनों अभियुक्तों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।