हाथरस। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर बीडीसी सदस्यों की धर-पकड़ तेज हो गई है। चंदपा के बीडीसी सदस्य विजय प्रकाश निमेष ने एक दल के नेता के रिश्तेदारों पर उनके अपहरण की कोशिश करने का आरोप लगाया है। निमेष ने कहा है कि दो कारों में सवार 20-25 हथियार बंद लोगों ने उन्हें जबरन कार में डालने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आरोपी भाग गए। इस संबंध में थाना पुलिस को भी शिकायत की गई है। निमेष ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह गुरुवार शाम चार बजे चंदपा में अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी स्कॉर्पियो और बोलेरो में सवार सशस्त्र लोग वहां आए। इनमें से दो सिकंदराराऊ के एक नेता के सगे-संबंधी हैं। आरोपियों ने गाली-गलौज करने के बाद पिटाई शुरू कर दी। वह निमेष को खींचकर गाड़ी में डालने की कोशिश करने लगे। बीडीसी के शोर मचाने पर बाकी दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इससे आरोपियों की हिम्मत जवाब दे गई और उन्होंने भागने में अपनी भलाई समझी। निमेष ने आरोपियों की दोनों कारों के नंबर भी पुलिस को बताएं है। इंस्पेक्टर एके सिंह का कहना है कि इस मामले में उन्हें तहरीर दी गई है। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।