हाथरस। एमएलसी (स्थानीय निकाय) चुनाव के लिए तैयारी तेज हो गई हैं। इस चुनाव के लिए जिले में नौ मतदान केंद्रों पर 882 मतदाता मतदान करेंगे। गुरुवार को जिले में पंचायतराज विभाग ने मतदान के लिए बैलेट पेपर भी डबल लॉक में लाकर सुरक्षित करा दिए। जिले को इस मतदान के लिए 1000 मतपत्र मंगवाए गए हैं। मतदान तीन मार्च को कराया जाना है।एमएलसी चुनाव के लिए लगातार सभी प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदाताओं से मतदान कराने के लिए जोरदार तैयारी में लगे हुए हैं। हालात यह हैं कि अब तक जिले में प्रत्याशियों ने अधिकांश मतदाताओं से अपने अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए सभी को अंडरग्राउंड करा लिया है, जिससे वह अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करके अपनी जीत सुनिश्चित कर सकें। प्रत्याशियों के इस प्रयास से कई बीडीसी सदस्य और अन्य मतदाताओं के परिजन भी परेशान हैं, क्योंकि प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को अंडर ग्राउंड किए जाने के कारण उनका उनसे संपर्क परिजनों से भी नहीं हो पा रहा है।जिले में तीन मार्च को होने वाले इस चुनाव के लिए हाथरस, मुरसान, सादाबाद, सहपऊ, सासनी, सिकंदराराऊ और हसायन सातों ब्लॉकों के अलावा नगर पंचायत पुरदिलनगर एवं नगर पंचायत मेंडू को मतदान केंद्र बनाया गया है, जिससे सभी 882 मतदाता आसानी से मतदान कर सकें। जिला प्रशासन इन सभी नौ मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों की तैनाती के साथ-साथ सुरक्षा का खाका भी पूरी गंभीरता से तैयार करने में जुटा हुआ है, जिससे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा सके।