अलीगढ़ के बन्नादेवी इलाके से ट्रक सहित लापता चालक की हत्या कर बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। हत्या के बाद युवक का शव क्वार्सी के महेशपुर इलाके में फेंक दिया गया। वहीं, लूटा गया ट्रक टूंडला में लावारिस अवस्था में मिला है। 2 अगस्त देर शाम पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बन्नादेवी बरौला आनंद विहार का रवि शर्मा (38) पेशे से ट्रक चालक थे। वह दो बेटे और दो बेटी के पिता थे। बरौला निवासी ट्रक स्वामी का ट्रक चलाते थे। 31 अगस्त की देर रात वह ट्रक लेकर कहीं जाने की कहकर निकले। इसके बाद सुबह जब उसका फोन मिलाया गया तो फोन नहीं लगा। इस पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इधर, 1 अगस्त दोपहर में क्वार्सी पुलिस को महेशपुर इलाके में रेलवे लाइन के सहारे एक शव मिला। जिसकी पहचान न होने पर उसे क्वार्सी पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
2 अगस्त सुबह रवि के परिजन बन्नादेवी थाने पहुंचे। जहां रवि के ट्रक सहित गायब होने की जानकारी दी। बन्नादेवी पुलिस ने जीपीएस के जरिये जानकारी की तो ट्रक खाली व लावारिस अवस्था में फिरोजाबाद के टूंडला में रजावली के आसपास खड़ा होना पाया गया। इसे टूंडला पुलिस के सहयोग से पुलिस यहां ले आई। इंस्पेक्टर बन्नादेवी पंकज मिश्रा के अनुसार शव की पहचान हो गई है। हत्या कर ट्रक लूटना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। फिर भी मुकदमा व जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।