फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले आरोपी पुलिस हिरासत में।
- फोटो : HATHRAS
फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोप में मुकदमा, आरोपी भेजे जेल
सिंडीकेट बैंक के प्रबंधक की शिकायत पर हाथरस गेट पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोप में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेजा है। यह कार्रवाई सिंडीकेट बैंक के मैनेजर की शिकायत के आधार पर की गई है।
उल्लेखनीय है कि सिंडीकेट बैंक अलीगढ़ रोड के मैनेजर ने सोमवार की दोपहर को कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत की थी कि दो युवक उनकी बैंक में बैठकर दूसरे की आईडी से फर्जी आधार कार्ड बना रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सोनू निवासी वीरनगर थाना जलेसर एटा और आकाश निवासी नकटा कुआं तहसील के पास जलेसर एटा को थाने ले आई।
यहां पर पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक अपने किसी रिश्तेदार की फिंगर प्रिंट (रबर) का प्रयोग कर फर्जी से तरीके से आधार कार्ड बना रहे थे। इनके पास से पुलिस ने दो लैपटॉप, एक फिंगर प्रिंट मशीन, दो फिंगर प्रिंट (रबर) और एक जीपीएस मशीन बरामद की। बैंक मैनेजर की तहरीर पर दोनो आरोपियों के खिलाफ धारा 420/467/468/471 में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ जितेंद्र सिंह दीखित, एसआई विजेंद्र सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह और जितेंद्र मलिक शामिल थे।