मेले में कोरियन पर्स खरीदतीं युवतियां। संवाद
ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मीना बाजार में इस बार युवतियों के फैशन का अंदाज बदला-बदला नजर आ रहा है। फैंसी पर्स की दुकानों पर कोरियन डिजाइन के बैग्स युवतियों की पहली पसंद बने हुए हैं। पेस्टल शेड्स, हल्का वजन और ट्रेंडी लुक इन बैग्स को खास बना रहा है। कॉलेज जाने वाली छात्राओं से लेकर कामकाजी युवतियां और गृहणियां तक इनके आकर्षण से बच नहीं पा रही हैं।
मीना बाजार में टोट, होबो, बाल्टी बैग, स्लिंग बैग, शोल्डर पाउच और पार्टीवियर क्लच के सैकड़ों डिजाइन उपलब्ध हैं। दुकानदारों के मुताबिक, 120 रुपये के किफायती पर्स से लेकर 1600 रुपये तक के प्रीमियम बैग्स की मांग है। मिनिमलिस्टिक पैटर्न और आकर्षक रंग युवतियों को खासा पसंद आ रहे हैं। मेले की रौनक के बीच ये ट्रेंडी बैग्स फैशन के साथ किफायत का भी नया अंदाज पेश कर रहे हैं।
- इस बार लड़कियों में कोरियन ड्रामा और सोशल मीडिया रील्स के चलते कोरियन स्टाइल बैग्स का गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है। इस स्टाइल के टोट बैग और छोटे बकेट बैग्स की फिनिशिंग और कलर इतने आकर्षक हैं कि युवतियां देखते ही पसंद कर रही हैं। हमारे पास 120 से शुरू होकर 800-900 रुपये तक के कोरियन डिजाइन उपलब्ध हैं। - रोहित कुमार, खैर निवासी दुकानदार
- हमने हर बजट का ख्याल रखा है। सामान्य उपयोग के लिए जहां 150 से 300 रुपये के बीच के बैग्स हाथों-हाथ बिक रहे हैं, वहीं शादियों और खास आयोजनों के लिए 1200 से 1600 रुपये तक के डिजाइनर क्लच और लग्जरी लुक वाले होबो बैग्स की खूब मांग है। कोरियन बैग वजन में बेहद हल्के हैं और स्पेस ज्यादा देते हैं। इसलिए यह महिलाओं को पसंद है। - बलराम, अलीगढ़ निवासी दुकानदार।