हाथरस। तबादलों और समायोजन पर उठ रहे विवाद को डीएम ने भी गंभीरता से लिया है। डीएम के आदेश पर बीएसए रेखा सुमन ने तत्कालीन बीएसए द्वारा मार्च 2016 में किए गए स्थानांतरण और समायोजन को निरस्त कर दिया है। हालांकि इसमें प्रशासनिक और जनहित में किए गए तबादले शमिल नहीं होंगे। उन्होंने सभी सहायक और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि वह तत्काल अपने मूल विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। गौरतलब है कि पूर्व बीएसए द्वारा किए गए तबादलों और समायोजन में मनमानी की शिकायत शासन स्तर तक की गई थी। डीएम तक भी मामला पहुंचा था, जिसके बाद डीएम ने इस पर तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए थे।
विभागीय कर्मियों की मिलीभगत से उगाही के आरोप
हाथरस। सपा नेता और मनोनीत सभासद असलम बेग ने सीएम को एक शिकायत भेजी है। शिकायत में सपा नेता ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के डिस्पेच रजिस्टर में पूर्व बीएसए द्वारा मार्च माह में बडे़ पैमाने पर स्थानांतरण किया जाना दर्ज किया गया है। इसे लेकर उनके द्वारा बीएसए व डीएम से भी लिखित रूप से शिकायत की गई थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई हैं। उन्होंने कहा है कि एक लिपिक अपनी गाड़ी से बीएसए को निरीक्षण करा रहे हैं। उनका मकसद शिक्षकों पद दवाब बना है। उन्होंने लिपिक और बीएसए की कार्रवाई की भी जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर बीएसए रेखा सुमन का कहना है कि विद्यालयों का निरीक्षण करना विभागीय कामकाज का हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारी तो साथ रखने ही होते हैं। उगाही की शिकायत निराधार हैं।