न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के पांच हजार बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में बेहतर बिजली मिलेगी। शहर में अलग-अलग स्थानों पर पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि का काम शुरू हो गया है। 250 केवीए के स्थान पर 400 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा मुरसान आर्य समाज रोड, सादाबाद में भी कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का काम किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जून के अंत तक ट्रांसफार्मर का काम पूरा हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग मार्च में फीडर बार उपभोक्ताओं की एनर्जी का ऑडिट कराया था। ऑडिट के दौरान यह सामने आया कि किस फीडर पर कितना लोड है। इसी अनुसार कार्य योजना तैयार कर निगम स्तर पर भेजी गई।
अब शहर में साकेत कालोनी, पत्थरवाली रोड, घंटाघर, जोगिया रोड, कलवारी रोड, मुरसान में आर्य समाज रोड के अलावा सादाबाद में कई स्थानों पर क्षमता वृद्धि का काम शुरू हो गया है। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि शहर में पांच स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जा रही है। यह कार्य जून के अंत तक पूरा हो जाएगा। संवाद