हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से अब यात्रियों को पीलीभीत, मैलानी और सीतापुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा मिलने लगी है। पूर्वोत्तर रेलवे ने गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल एक्सप्रेस के संचालन की अवधि बढ़ाते हुए इसके रूट में बदलाव किया है, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन अब 18 मई तक इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी और सीतापुर के रास्ते संचालित की जाएगी। पहले यह ट्रेन फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल और गोंडा के रास्ते चल रही थी। अस्थाई रूप से ही सही लेकिन इस बदलाव के बाद हाथरस सिटी से इन क्षेत्रों के लिए पहली बार सीधी रेल सेवा उपलब्ध हुई है।
इससे यात्रियों को अब बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस ट्रेन का संचालन नियमित किया जाए और भविष्य में इस रूट पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि कुछ दिन के लिए ही इस मार्ग से ट्रेन का संचालन किया गया है, नियमित ट्रेनों के संचालन को लेकर अभी कोई सूचना नहीं है।