हाथरस। जिला प्रशासन द्वारा जिले में 13 दिसंबर को विकास खंड स्तर पर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से मतगणना कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को मंडी समिति में गणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन तीन पालियों में करीब 1,800 मतगणना कार्मिकों को सघन प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी अपने साथ गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, माचिस, शराब और अन्य ज्वलनशील पदार्थ या आपत्तिजनक वस्तुएं नहीं ले जा सकेंगे।
डीएम अबरार अहमद ने कर्मियों से कहा है कि वे राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से मतगणना कराएं। उन्होंने कहा कि मतगणना 13 दिसंबर को सुबह सात बजे से प्रारंभ होगी। प्रशिक्षण प्रभारी एवं परियोजना निदेशक चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि कर्मियों के निर्धारित मतगणना स्थल पर पहुंचने पर कोडिंग-डिकोडिंग पटल से संबंधित मतगणना टेबिल की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कर्मियों को मतगणना से संबंधित जरूरी तथ्यों तथा बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और मौके पर कर्मियों की शंकाओं का समाधान किया। तीन पालियों में क्रमश: विकास खंड हाथरस, सासनी और मुरसान और रिजर्व सहित तैनात करीब 1,800 कर्मियों मतगणना की प्रक्रिया एवं जरूरी अभिलेखों को भरने के बारे में सघन प्रशिक्षण दिया गया।
डीएम अबरार अहमद ने जिले में ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न कराए जाने और लोक शांति बनाए रखने के लिए केजीएन महाविद्यालय सिकंदराराऊ, भूदेवी खुशालीराम महाविद्यालय हसायन, मंडी समिति सादाबाद, जनता इंटर कालेज सहपऊ, लक्ष्मीचंद्र कटोरी देवी महाविद्यालय हाथरस, जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान तथा केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी स्थित मतगणना स्थलों की आठ किलोमीटर परिधि में स्थित आबकारी दुकानों से 13 दिसंबर की सुबह सात बजे से मतगणना समाप्ति तक मादक पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।