गांव रघनिया मार्ग में जलभराव से होकर गुजरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। रुहेड़ी से रघनिया को जाने वाला रास्ता बुधवार को एक बार फिर जलमग्न हो गया, जिससे इस मार्ग से होकर जाने वाले सभी गांवों का यातायात बाधित हो गया। इस संबंध में पूर्व में कई बार डीएम द्वारा इस समस्या का समाधान कराने के आदेश राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग को जारी किए जा चुके हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में तहसील दिवस में भी फिर से शिकायत दी और कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह रास्ता जाम और प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञात रहे कि गांव रुहेड़ी से रघनियां को जाने वाले मार्ग से आधा दर्जन गांवों का आना-जाना है, लेकिन इस मार्ग पर आए-दिन जलभराव हो जाता है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता है। इसके लिए ग्रामीण अब तक दर्जनों बार जिला प्रशासन से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन इन ग्रामीणों को जिला प्रशासन की ओर से सिवाय आश्वासनों के और कुछ भी हाथ नहीं लगा है। पिछले दिनों तो तत्कालीन डीएम ने लोक निर्माण विभाग को इस मार्ग की समस्या का समाधान कराकर अवगत कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी लोक निर्माण विभाग ने इस दिशा में अभी तक कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है। बुधवार को फिर इस मार्ग पर पानी भर जाने के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।