जलेसर रोड स्थित कस्बा लाड़पुर की मुख्य सड़क पर जलभराव की समस्या से लंबे समय से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों के साथ ही मार्ग से गुजरने वाले 30 गांवों के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। जलभराव के कारण अक्सर वाहनों के पलटने की भी घटना हो रही हैं।
हाथरस से जलेसर रोड पर कस्बा लाड़पुर में दो रास्ते हैं। यहां कस्बे के भीतर होकर व बाईपास होकर लोग जलेसर के लिए रवाना होते हैं। इन दोनों ही रास्तों की हालात बेहद खराब है। दोनों रास्तों पर जलभराव के कारण स्थिति काफी खराब है। लोगों का कहना है कि कई सालों से व्याप्त जलभराव अब बड़ी दिक्कतें पैदा कर रहा है। यहां अक्सर वाहन फंस रहे हैं।
वाहनों के पलटने के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं। दिक्कतों के चलते तमाम गांव के लोग अन्य गांवों से होकर आना जाने को मजबूर हैं। यहां जलनिकासी न होने से इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लगभग आठ हजार की आबादी वाले इस कस्बे से लगभग 15 गांव के लोग सीधे तौर पर जुड़े हैं। जो यहां से खरीदारी आदि करने आते हैं। सभी के लिए यहां से होकर गुजरना दूभर हो गया है।
कस्बे की मुख्य सड़क से गुजरना काफी दिक्कत वाला हो गया है। इसे लेकर कई बार जिम्मेदार व्यक्तियों से शिकायत की है, लेकिन जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
-आजाद, स्थानीय निवासी।
पहले सरकारी अधिकारी समस्या का खुद संज्ञान लेते थे। समस्या कुछ दिन बाद दूर हो जाती थी, लेकिन लाड़पुर केमुख्य मार्ग को लेकर सभी ने आंखें मूंद रखी हैं।
-रमेश, स्थानीय निवासी
मुख्य मार्ग पर दो पहिया वाहनों का निकल पाना बड़ी दिक्कत की बात है। पहले तो पानी निकासी का प्रबंध होना चाहिए। बाद में सड़क निर्माण होना चाहिए, ताकि लंबे समय से चल रही समस्या का समाधान हो।
-अर्जुन, स्थानीय निवासी
समस्या का समाधान हो सकता है। अगर पानी निकासी की व्यवस्था हो जाए। यहां पानी निकासी कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन जिला स्तर के अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे।-
नैना, स्थानीय निवासी
जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। समस्या के निस्तारण में कई स्तर से अटकलें लग रही हैं। हमने जिलाधिकारी को कई बार समस्या के निस्तारण को पत्र लिखा है, लेकिन अभी तक निस्तारण नहीं हो सका है।
-कृष्ण गोपाल माहौर, ग्राम प्रधान, लाड़पुर