हाथरस। बीएच ऑयल मिल पर कई गलियां ऐसी हैं जहां बिन बारिश के ही हर समय जलभराव रहता है। जलभराव व कीचड़ के चलते स्थानीय लोगों को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है। बीएच ऑयल मिल रोड पर टोड़ी सिंह का नौहरा में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि गली से निकलने के लिए ईट, पत्थर डाल कर रास्ता बनाया है। बच्चे और वृद्ध आए-दिन ईंट के ऊपर से निकलने पर चोटिल हो जाते हैं। गली के निकट ही ऊंची पुलिया बना दी गई है और नाला गली की तरफ खुल रहा है। लोगों का आरोप था कि इस संबंध में पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। प्रदर्शन करने वालों में रामबाबू लाल, जगवीर पहलवान, परमानंद राठौर, रवेंद्र सिंह, महेश चंद्र, बंटी गोस्वामी, सोनपाल सिंह, देवकी नंदन, बच्चू सिंह, विमलेश देवी सहित काफी लोग शामिल थे।
-जलभराव के संबंध में स्थानीय लोगों ने कोई शिकायत नहीं की है। यदि स्थानीय लोग शिकायत करते हैं तो प्राथमिकता से समस्या का समाधान कराया जाएगा। - वासुदेव माहौर, चेयरमैन प्रतिनिधि।