हाथरस। माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं प्रधानाचार्यों को अब बिना बजट के शिक्षा के स्तर में सुधार के तरीके समझाए जाएंगे। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण 19 जनवरी से पीबीएएस इंटर कॉलेज में होगा। प्रशिक्षण सुबह नौ से 12 बजे तक एवं दोपहर एक से शाम चार बजे तक दो शिफ्टों में दिया जाएगा।प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की ओर से अरविंदो सोसायटी के विशेषज्ञों का चयन किया गया है। शासन के आदेश मिलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक जेके मलिक ने सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं कि विद्यालयों के शत-प्रतिशत शिक्षकों को इस प्रशिक्षण में शामिल होने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में गिरते शिक्षा के स्तर में सुधार किया जा सके। अरविंदो सोसायटी के विशेषज्ञ सभी शिक्षक एवं प्रधानाचार्यों को यह समझाने का प्रयास करेंगे कि शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए बजट की आवश्यकता नहीं, बल्कि शिक्षक और प्रधानाचार्य सिर्फ सही मानसिकता से शिक्षण कार्य करें तो शिक्षा के स्तर में सुधार होने से कोई नहीं रोक सकेगा। इन शिक्षकों को क्लास रूम की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पैसे के स्थान पर अन्य विकल्प तैयार रखने की भी जानकारी दी जाएगी।------शासन से शिक्षकों के प्रशिक्षण के निर्देश प्राप्त हो गए हैं। सभी प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण में शिक्षकों को शामिल कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।-जेके मलिक, डीआईओएस-----