हाथरस। शनिवार की रात सहपऊ क्षेत्र में बिजली संकट कायम रहा। इसौंदा और गुतहरा बिजलीघर की 33 केवी लाइन में ब्रेक डाउन होने से करीब 150 गांव में 14 घंटे बिजली संकट बना रहा। रातभर के बाद दिन में भी बिजली नहीं मिलने से लोग पानी के लिए जूझते रहे।जिले के टीटीजेड इलाकों में बिजली संकट गहराता जा रहा है। विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव सही न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे बिजली संकट लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों का ध्यान सिर्फ राजस्व वसूली पर लगा हुआ है। शनिवार की रात करीब 10 बजे इसाेंदा और गुतहरा बिजलीघर की 33 केवी लाइन में ब्रेक डाउन हो गया। इन बिजलीघरों से जुडे़ 150 से भी अधिक गांव पूरी रात अंधेेरे में डूबे रहे। रविवार की सुबह भी इन बिजलीघरों की बिजली सुचारू नहीं हो सकी, इस वजह से ग्रामीण सुबह सुबह पानी के लिए भी इधर उधर भटकते दिखाई दिए। दोपहर 11 बजे तक बिजली न मिलने से इन गांव के ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति काफी आक्रोश व्याप्त था। ------- इसौंदा बिजलीघर की 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया था, जिससे ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। गुतहरा बिजलीघर की लाइन में हुए ब्रेक डाउन के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। -हरिओम सोनी, एसडीओ, सहपऊ।