टिंबर कारोबारी से मारपीट के बाद मौके पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : samvad
कोतवाली सदर के चिंताहरण मंदिर के सामने एक टिंबर कारोबारी और उनके परिवार के लोगों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। हमलावर उनकी दुकान और मकान में घुस गए। उन्हें और परिवार के सदस्यों को पीटा। कारोबारी का आरोप है कि हमलावर 50 हजार रुपये की चौथ मांग रहे थे, इन्कार करने पर घटना की।
घटना की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग गए थे। घटना से व्यापारियों में दहशत फैल गई है। कोतवाली सदर में तहरीर देते हुए टिंबर कारोबारी प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि वह आगरा रोड पर चिंताहरण मंदिर के सामने टिंबर मर्चेंट का कार्य करता है। शुक्रवार की देर शाम को वह दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान सलीम, तोसीफ, फरमान व मोहम्मद व अन्य 12 लोग दुकान पर आए और 50 हजार रुपये मांगने लगे। उन्होंने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे और हथियारों को लेकर अंदर घुस आए। दुकान के ऊपर बने मकान से परिवार के सदस्य उन्हें बचाने आए तो उन्हें भी पीटा और पथराव किया।
प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि घटना में उन्हें व नितिन अग्रवाल, अमन अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, प्रशंसा अग्रवाल को चोट आई हैं। महिलाओं से भी अभद्रता की गई। साथ ही धमकी दी कि परिवार को यहां नहीं रहने देंगे, मकान और दुकान पर कब्जा कर लेंगे। घटना की सूचना पर अन्य व्यापारी भी पहुंच गए और घटना पर रोष जताया है। सीओ योगेंद्र नारायण कृष्ण ने बताया कि गाली देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। कारोबारी से तहरीर ले ली गई है। रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।