ें यात्रा में शािमल अतिथियों का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
भले ही यह यात्रा यूपी की बदहाल स्थिति को लोगों को सामने रखने के लिए थी लेकिन इसमें टिकट दावेदारों में शक्ति प्रदर्शन की होड़ लगी रही। शहर में यात्रा के प्रवेश करते ही कार्यकर्ता अपने-अपने दावेदारों के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। बैंडबाजों, ढोल-नगाड़ों के साथ भारी भरकम मालाएं पहनाकर कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया गया।
अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से यात्रा हाथरस पहुंची। कई गाड़ियों के काफिले के बीच एक बस में सांसद प्रमोद तिवारी, पीएल पूनिया, डॉ. संतोष सिंह, उपेंद्र सिंह आदि नेता कंचना फाटक पर पहुंचे। वहां से बौहरे वाली देवी मंदिर पर दावेदार अनुज कुमार संत के श्िविर पर यात्रा रुकी। यहां अंबेडकर प्रतिमा पर नेताओं ने माल्यार्पण किया।
यहीं एक अन्य दावेदार के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। इस पर प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं को डांटते हुए एक दावेदार के समर्थन में नारे न लगाकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाने को कहा। तालाब चौराहे पर योगेश कुमार ओके ने स्वागत किया। रामलीला मैदान पर जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
इसके अलावा रास्ते में कई जगह कांग्रेसियों ने नेताओं का स्वागत किया। क्रांति चौक पर प्रमोद तिवारी और पीएल पुनिया ने व्यापारियों का आभार जताया और सरकार आने पर 15 दिन के अंदर उनकी समस्याओं के समाधान की बात कही। इसी चौराहे पर टिकट के दावेदार रविंद्र कुमार रवि ने नेताओं का स्वागत किया। बस के आगे चल रहे एक बैंड पर एक दावेदार के नारे लगाए जा रहे थे। बस के अंदर माइक लेकर बैठे शहर अध्यक्ष चंद्रगुप्त कई बार बैंड को हटाने के लिए चिल्लाते रहे लेकिन उनकी नहीं सुनी गई और दावेदार के नारे लगते रहे।
यह नारे सभा स्थल तक लगाए जाते रहे। तालाब चौराहे से आगरा रोड पर राधाकृष्णा कृपा भवन तक पूरी यात्रा 45 मिनट में पूरी हो गई। इस बीच करीब 12 जगहों पर बस को रोककर कांग्रेसियों ने नेताओं का स्वागत किया। सभा से पहले मंच पर भी कांग्रेस नेताओं को टिकट के दावेदारों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर और मालाएं पहनाकर स्वागत किया।