सुबह तड़के मंडी समिति के पीछे एक कॉलोनी में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के गले में फंदा लगा हुआ था। आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। युवक की शिनाख्त अलीगढ़ रोड स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के सेल्समैन के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने रंजिशन हत्या की आशंका जताई है और दो लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस के मुताबिक मृत युवक का नाम सतेंद्र कुमार शर्मा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा निवासी तरसारा, इगलास है। वह कुछ समय से रमनपुर में महादेवी बगीची के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। परिजनों का कहना है कि गुरुवार रात को सतेंद्र को किसी ने फोन कर बुलाया। इसके बाद से ही वह लापता था। अगले दिन सुबह मंडी के पीछे कॉलोनी में टहलने पहुंचे कुछ बुजुर्गोें ने सतेंद्र का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सतेंद्र के गले में फंदा और निशान होने से उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही ही। उसकी जेब से ऑल्टो कार की चाबी और सिगरेट की डिब्बी भी पुलिस को मिली है। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। परिजनों का कहना है कि रंजिशन सतेंद्र की हत्या की गई है। मृतक के परिजनों ने दो लोगों पर हत्या का शक जताया है। तहरीर पुलिस को सौंप दी है। थानाध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद त्यागी के मुताबिक तहरीर में किसी नाम का खुलासा नहीं किया गया है। मुकद्मा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के कारणों का पता लगा रही है।