लूट की योजना बनाते हुए तीन युवक गिरफ्तार
तीनों आरोपी मथुरा और बदायूं के कछला के हैं निवासी
तीनों पर ट्रेन या राहगीरों से लूटपाट की योजना बनाने का शक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ (हाथरस)। कोतवाली पुलिस को शनिवार की रात साढ़े आठ बजे एटा रोड स्थित गांव मंगलगढ़ी बरई लिंक मार्ग पर उस समय बड़ी सफलता मिली, जबकि गैर जिले में तीन युवकों को लूट की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों युवक संभवत: रेल में या राहगीरों को लूटने की योजना को अंजाम देने वाले थे।
कोतवाली पर एसएचओ डीके सिसौदिया ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कई दिन से तीन युवक रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्ध हालात में मंडराते नजर आ रहे हैं। शनिवार की शाम को पुलिस ने गश्त तेज कर दी। रात्रि में गश्त के दौरान बरई मुगलगढ़ी मोड़ पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस जीप की लाइट की रोशनी देखकर तीनों खेतों में उतरकर भागने लगे। कांस्टेबल अरविंद, प्रेमनाथ आदि ने तीनों को दौड़कर पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम रंजीत पुत्र मोहनलाल निवासी मथुरा, अमित पुत्र वीरपाल सिंह, ओम नंदन पुत्र सूरजपाल निवासी कछला थाना उझानी बदायूं बताए हैं। इनकी तलाशी लेने पर इनके कब्जे से एक-एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। कोतवाली पर तीनों ने पूछताछ में बताया कि वे लूट की फिराक में थे। सुबह काफी लोग बाइकों पर निकलते हैं। ट्रेनों में भी वह वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस टीम में एसआई पीतम सिंह, कमल किशोर, श्यामपाल सिंह, कांस्टेबल विजय बहादुर आदि थे।