एसओजी व हाथरस गेट पुलिस ने 22 जनवरी की सुबह तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी व लूट की दो घटनाओं का खुलासा किया। तीनों से तीन तमंचे, दो कारतूस, दो मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि 9 जनवरी को बुर्जवाला कुंआ के रहने वाले राहुल गुप्ता ने रुहेरी पुल के पास मोबाइल व बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके खुलासे के लिए छह टीमें लगाईं गईं थीं। 250 सीसीटीवी फुटेज खंगालने और इनपुट के जरिये पुलिस 22 जनवरी को बदमाशों तक पहुंच गई।
नगला भूरा तिराहा के पास से तीनों युवकों को दो बाइकों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनमें अंकुश निवासी सठिया सासनी, सद्दाम व रतन कुमार निवासी बरसै सासनी शामिल हैं। अंकुश ने पूछताछ में बताया कि आठ जनवरी को उसने ही सद्दाम व रतन के साथ बाइक व मोबाइल चोरी किए थे।
इसके अलावा 29 दिसंबर की रात आगरा रोड पर सरस्वती इंटर कॉलेज के पास से युवती से मोबाइल फोन लूटा था। एसपी ने बताया कि पिछले वर्ष अंकुश ने अपने साथी गौरी उर्फ गौरव व पवन शर्मा निवासी सठिया के साथ मिलकर 17 अक्तूबर की रात इगलास क्षेत्र के सहारा कला भट्टे के पास से एक व्यक्ति से बाइक लूटी थी। इसी बाइक से ये लोग चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। एसपी ने बताया कि गौरी उर्फ गौरव व पवन की तलाश की जा रही है।