जिले में जीएसटी विभाग के नए कार्यालय भवन के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के वाटर वर्क्स परिसर में करीब तीन हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित होने के बाद अब भवन का डिजाइन और आगणन तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। तीन कार्यदायी संस्थाओं की ओर से इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
गौरतलब है कि जीएसटी कार्यालय के निर्माण के लिए वाटर वर्क्स परिसर में जमीन आवंटित की गई है। प्रस्तावित स्थल का लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम समेत तीन कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने मुआयना किया। अधिकारियों ने जमीन की स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल और प्रस्तावित निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।
इसके आधार पर तीनों संस्थाएं कार्यालय और आवासीय भवन के निर्माण का डिजाइन तैयार करेंगी। राज्य जीएसटी के उपायुक्त पीके गुप्ता ने बताया कि तीनों संस्थाओं से प्राप्त डिजाइन और आगणन में से उपयुक्त प्रस्ताव के आधार पर निर्माण के लिए बजट की मांग शासन को भेजी जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
करीब तीन हजार वर्गमीटर जमीन पर जीएसटी विभाग के कार्यालय का भवन और अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था विकसित किए जाने की योजना है। नया भवन बनने से विभागीय कार्यों के संचालन के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।