18 अप्रैल देर रात एक पार्टी से घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक अचानक असंतुलित होकर मथुरा-बरेली हाईवे पर हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र में फिसल गई। जिससे तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृतक घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल से जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर किया गया। हालत गंभीर होने के कारण एक युवक को अलीगढ़ से दिल्ली ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को कस्बा के मोहल्ला बारहसैनी निवासी शिवम (26) पुत्र अनिल कुमार और उसके दो दोस्त सोनू एवं विशाल निवासी संजय कॉलोनी बाइक से किसी पार्टी में गए थे। शुक्रवार की देर रात तीनों पार्टी से लौट रहे थे, जैसे ही वह मथुरा-बरेली हाईवे पर हाथरस जंक्शन के निकट पहुंचे, वैसे ही उनकी बाइक असंतुलित होकर हाईवे पर फिसल गई, जिससे तीनों कुछ दूर तक घिसटते गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर जुटे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों साथियों को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना पाकर मृतक एवं घायलों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शिवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह का कहना है कि निर्माणाधीन हाइवे का रास्ता बंद था। बाइक सवार हाइवे पर चले गए। बाइक फिसलने या टकराने से तीनों घायल हो गए। जिला अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
गर्भवती है शिवम की पत्नी
इस हादसे में जान गंवाने वाले शिवम की शादी चार महीने पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी तनु रोते-रोते बेसुध हो जा रही है। परिजनों ने बताया कि वह चार माह की गर्भवती है। दुनिया में आने से पहले ही उसके बच्चे के सिर से पिता का साया छीन गया है। घर परिवार से लेकर मोहल्ले तक हर किसी की आंखें नम दिखाईं दीं। पत्नी तनु के साथ मां पुष्पा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था।