संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कस्बा सादाबाद में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस परिवार की कोरोना संक्रमित महिला की आगरा में पिछले सप्ताह मौत हो चुकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तीनों को उपचार के लिए मुरसान के कोविड-1 अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इधर, पीड़ित के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सादाबाद कस्बे की एक वृद्धा को बीमारी की शिकायत पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। वहीं उसकी मौत हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर यहां भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया था। इस महिला के परिजनों को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया था और परिवार के सदस्यों की जांच कराई गई थी। अब इस मृत महिला के परिवार के तीन सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन तीनों को उपचार के लिए मुरसान के को विड-1 अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमें एक किशोरी भी शामिल है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि सादाबाद की जिस महिला की मृत्यु आगरा में हुई थी। उसके परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन तीनों को कोविड-1 हॉस्पिटल मुरसान में दाखिल किया गया है।