गांव छीतूपुर हरीनगर में चोरी की घटना के बाद मौके पर बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली क्षेत्र के नगला रति मार्ग स्थित गांव छीतूपुर हरीनगर में शुक्रवार की रात को एक घर को निशाना बनाया। बदमाश यहां से लाखों रुपये की नकदी और जेवर ले गए। घटना के वक्त परिवार शादी समारोह में गया था।
घटना के संबंध में तहरीर देते हुए पीड़ित महावीर सिंह निवासी गांव छीतुपुर हरीनगर ने कहा है कि चार मई को वह ओर उनका परिवार अपनी बेटी के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने अलीगढ़ जिले के लोधा थाना क्षेत्र के गांव दुनाई गए थे। उनकी पत्नी ऊषा देवी उसी दिन अपने मायके गढ़वाला एटा गई थी। घर पर अकेले उनके पिता घासीराम थे।
वह भी बृहस्पतिवार को मोहल्ले में वीरेश की शादी में शामिल होने के लिए गए थे। आठ मई की सुबह करीब पांच बजे उनका भतीजा योगेश पुत्र बुधपाल छत पर शौच करने गया तो उसने देखा कि जीने का गेट खुला है। उसने यह बात अपनी मां को बताई।
यह बात उनके भतीजे ने अपनी मां को बताई। इसके बाद उनके भतीजे की पत्नी ने जाकर देखा तो घर के कमरे का ताला टूटा और गेट खुला हुआ देखा। सुबह ही घटना की जानकारी भतीजे योगेश ने बरात में गए अपने बाबा घासीराम को फोन पर दी, जिसके बाद वह सभी घर पर आए।
यहां आकर पता चला कि चोर छत के रास्ते घर के अंदर आकर कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए हैं। महावीर ने जेवरों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। कोतवाली प्रभारी गिरीशचंद्र गौतम ने बताया कि घटना के संबंध छानबीन की जा रही है।