उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस किला स्टेशन का बृहस्पतिवार को मुख्य मालभाड़ा परिवहन प्रबंधक डीपी सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने यहां माल परिवहन के समय ट्रेन को शंटिंग करने में आ रही दिक्कत को देखते हुए पटरियों में तकनीकी परिवर्तन करने की बात कही।
सड़क मार्ग से स्टेशन पर अपनी टीम के साथ पहुंचे सीएफटीएम डीपी सिंह ने स्टेशन के माल गोदाम को देखा। यहां मालगाड़ी से सीमेंट उतारे जाने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अपने सामने रेलवे ट्रैक की नाप कराई। उन्होंने पूरे स्टेशन की भूमि का नक्शा भी देखा। उन्होंने यहां एक बार में मालगाड़ी की पूरी एक रैक के खड़े होने की व्यवस्था का भी खाका खींचा। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में खाली रैक खड़ी करने के लिए जगह कम होने के चलते अब हाथरस किला पर रैक खड़े करने की जगह तैयार किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक हाथरस जंक्शन तेजवीर व मुख्य माल अधीक्षक हाथरस किला धर्मवीर कुमार मौजूद थे।