हाथरस : मोहल्ला कंचन नगर की गली में जलभराव। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में शुक्रवार की सुबह से हुई बारिश ने गर्मी के तेवर तो और ढीले कर दिए, लेकिन बारिश से शहर में कई जगहों पर जलभराव हो गया। इस कारण लोगों का राह चलना भी मुश्किल हो गया है। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर जरूर रौनक आ गई है।
सावन के महीने की शुरुआत में उमसभरी गर्मी ने आमजन को पसीने से खूब तरबतर किया। बृहस्पतिवार की दोपहर को मौसम ने करवट ली थी और इसके बाद हल्की बारिश हुई थी। शुक्रवार की सुबह से बादल छाने के साथ पूरे दिन रुक-रुककर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आई।
लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन बारिश होने से शहर के नवीपुर कलां, लाला का नगला, नाई का नगला, श्रीनगर, रमनपुर, डाकखाना वाली गली, बस स्टैंड, तरफरा रोड, करबला रोड सहित ज्यादातर इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ इलाकों में तो गंदा पानी घरों और दुकानों में घुस गया। जहां रास्ता जर्जर हालत में है, वहां कीचड़ की वजह से फिसलन हो गई। इस कारण लोगों को गंतव्य की दूरी तय करने में कठिनाइयों से जूझना पड़ा। बारिश की वजह से अधिकांश सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। रुक-रुककर हो रही बारिश धान, बाजरा और हरी सब्जियों की फसलों के लिए सोने के समान साबित हुई है। इससे किसानों के चेहरे खुशी से खिले हुए हैं। संवाद