सराफ की दुकान और बंद घर में चोरी हो गई थी। चोर दुकान से शटर काटकर तिजोरी चोरी कर ले गए थे। मकान में भी चोरी हो गई थी। इन चोरियों में दो आरोपी गिरफ्तार कि गए हैं। पूछताछ में पकड़े आरोपियों ने बताया कि वे दिन-रात सुनसान इलाकों और बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
हाथरस के गढ़ी जैनी स्थित सराफ की दुकान में सात महीने पहले और महादेव नगर में बंद घर में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
शहर की तबेला गली के रहने वाले गगन वर्मा की साक्षी ज्वेलर्स के नाम से गढ़ी जैनी पर सराफ की दुकान है। 14 नवंबर 2025 को चोर शटर काटकर तिजोरी चोरी कर ले गए थे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर गए थे तथा डीवीआर भी साथ ले गए थे। इस घटना के अलावा 15 जून 2026 को महादेव कॉलोनी में कृष्णपाल के मकान में चोरी हुई थी। इन दोनों ही घटनाओं में लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ था।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि शनिवार को आरटीओ कार्यालय के पास से चेकिंग के दौरान जलालपुर निवासी अनंत व सनी सेंगर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने पूछताछ में कबूला है कि वे दिन-रात सुनसान इलाकों और बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनके कब्जे से 950 ग्राम चोरी की चांदी की ज्वेलरी और 1610 रुपये बरामद किए गए हैं।