मोहल्ला गोपाल नगर में हुई दिनदहाड़े चोरी को दिखाती पीड़ित महिला
- फोटो : संवाद
सहपऊ में सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अशोक बघेल के मोहल्ला गोपाल नगर स्थित आवास पर 5 अगस्त को दिनदहाड़े चोरी हो गई। अज्ञात चोर पड़ोस की छत से घर में घुसे और पत्नी के पर्स से 20 हजार रुपये, दुकान के गल्ले में रखी नकदी और बेटी की सोने की बालियां ले गए।
अशोक ने बताया कि उनकी बेटी सुबह स्कूल चली गई थी। सुबह लगभग 10.30 बजे वे अपनी पत्नी को बाइक से ब्यूटीपार्लर पर छोड़ने गए थे। इसके बाद किसी अन्य कार्य से वे पुराने थाने पर गए। आधे घंटे बाद घर लौटे। अशोक ने दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था, यह देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी भी खुली हुई थी, उसमें रखा पत्नी का पर्स गायब था। वह छत पर जाने लगे तो देखा कि जीने का दरवाजा खुला हुआ था, जबकि वह दरवाजा बंद कर गए थे।
चोर पड़ोस में स्थित उनके भाई के घर की छत पर चढ़कर जीने से उतर कर उनके घर में घुसे थे। पत्नी का पर्स घर के पीछे झाड़ी में पड़ा मिला, उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये गायब थे। चोरी की सूचना मिलते ही पत्नी घर आई तो उसने देखा कि पुत्री की सोने की बालियां भी गायब है। घर में बनी दुकान के गल्ले से भी कुछ नकदी चोरी हो चुकी थी। पीड़ित ने कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी है, पुलिस जांच में जुटी है।