क्षेत्र के गांव परसौरा में गृहक्लेश के चलते एक विवाहिता ने घर में रखा तेजाब पी लिया। विवाहिता की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्राम परसौरा निवासी अर्जुन सिंह का पत्नी मधु से आए दिन विवाद होता रहता था। रक्षाबंधन से पहले और उसके बाद दोनों के मध्य कहासुनी तथा मारपीट हुई। इसके बाद पत्नी अपनी मां के साथ मायके चली गई। कुछ दिन बाद पति ने पत्नी को वापस बुलाया और भरोसा दिलाया कि अब ऐसी कोई बात नहीं होगी। इस पर पत्नी वापस ससुराल आ गई। पीड़िता की मां ने आरोप लगाते हुए कहा है कि बेटी को घर ले जाकर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। जिससे गुस्से में आकर उसने तेजाब पी लिया। घटना की जानकारी होने पर सादाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ अमित पाठक ने बताया कि घटना के संबंध में अभी किसी भी तरह की कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।