कोतवाली क्षेत्र के गांव मांगरू में एक विवाह समारोह में उस समय खलबली मच गई, जब अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष कथित रूप से शादी बीच में छोड़कर लौट गया। पीड़ित दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, धमकी और रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता वधू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी नगला सूखा थाना मुरसान के एक युवक के साथ छह मई को तय थी। दोनों पक्षों के बीच पहले आपसी सहमति से बिना दान-दहेज के विवाह तय हुआ था। बुधवार को बरात गांव में पहुंची। आरोप है कि दरवाजे की रस्म के दौरान वर पक्ष के लोगों ने शादी में दिए गए सामान को देखकर नाराजगी जताई।
इस दौरान दूल्हा, उसके बड़े भाई, पिता और अन्य परिजनों ने कथित रूप से 51 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग रख दी। तहरीर में कहा गया है कि दुल्हन के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए काफी अनुनय-विनय की।
इसके बावजूद वर पक्ष नहीं माना। आरोप है कि इसके बाद वर पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया और देर रात करीब 11 बजे यह लोग बिना विवाह संपन्न कराए बरात लेकर चले गए। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।