नगर पालिका परिषद हाथरस, सिकंदराराऊ एवं नगर पंचायत हसायन व पुरदिलनगर में भौतिक सत्यापन के दौरान नाला सफाई में लापरवाही मिली है। डीएम ने तीन अधिशासी अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए नोटिस जारी कर दिया है। डीएम ने नोटिस जरिये कहा है कि तहसील सिकंदराराऊ, हाथरस के उपजिलाधिकारी के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में नाला सफाई की स्थिति का भौतिक सत्यापन कराया गया था। सत्यापन में शहर के तरफरा नाले से सिकंदर तकिया होते हुए जलेसर रोड नाले की पुलिया तक सिल्ट निकासी व सफाई पूर्ण नहीं हुई है।
जगह-जगह कचरा व सिल्ट जमा है। वहीं मोहल्ला सीयल गांधी पार्क से जलेसर रोड नाले तक प्लास्टिक कचरे की वजह से जल निकासी बाधित है। जांच में शहर के कई स्थानों पर कूड़ा-करकट पाया गया है। नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ क्षेत्र में भौतिक सत्यापन में पाया गया कि कासगंज रोड पर नाले के आखिरी में कचरा एकत्रित है। रेलवे स्टेशन पर दोनों तरफ सफाई कार्य नहीं हुआ है। इसी तरह कई स्थानों पर नाला सफाई के नाम पर खानापूर्ति पाई गई है। ऐसा ही हाल नगर पंचायत हसायन, नगर पंचायत पुरदिलनगर में पाया गया।
इस आधार पर डीएम ने नगर पालिका परिषद हाथरस के ईओ रोहित सिंह, नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ के ईओ संदीप कुमार सक्सेना, नगर पंचायत पुरदिलनगर व हसायन के ईओ संदीप सारस्वत से स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण न देने पर विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।