कनेक्शन काटने को लेकर बिजली महकमे की टीम से लोगों की होती नोंकझोंक।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। कस्बे की भगत सिंह कॉलोनी में मंगलवार की शाम बकाए पर कनेक्शन को काटने पहुंची बिजली महकमे की टीम को लोगों ने घेर लिया और जमकर हंगामा किया। महिलाओं से बिजली टीम की काफी देर तक नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में महकमे की टीम ने अवैध रूप से जोड़े गए कनेक्शनों को काट दिया।
गौरतलब हो कि करीब एक हफ्ते पहले करीब 50 लाख के बकाए के कारण बिजली महकमे ने भगत सिंह कॉलोनी की बिजली को गुल करा दिया था। बिजली न मिलने की वजह से कॉलोनी के लोग बहुत परेशान थे। कॉलोनी के लोगों ने सोमवार को चेयरमैन रविकांत अग्रवाल से भी बिजली को चालू कराने की मांग की थी, लेकिन महकमे के अफसरों ने बिना बकाया जमा किए बिजली को सुचारू नहीं किया। मंगलवार को बिजली महकमे के अफसरों को सूचना मिली कि कॉलोनी के कुछ लोगों ने बिना बकाया जमा किए ही अवैध रूप से कनेक्शन को जोड़ लिया है। सूचना पर जेई अमित कुमार, टीजीटू वीरपाल सिंह व अन्य संविदाकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई और अवैध रूप से जोड़े गए कनेक्शनों को कटवाने लगी, लेकिन इसी दौरान वहां कॉलोनी के लोग एकत्रित हो गए।
लोगों ने कनेक्शन काटने का विरोध किया, लेकिन जेई ने साफ कह दिया कि बिना बकाया जमा किए बिजली नहीं दी जाएगी। इसे लेकर महिलाओं से भी बिजली अफसर व कर्मियों की खूब नोकझोंक की। मौके पर जमकर हंगामा भी हुआ। सूचना पर वहां एसआई सुशील शर्मा भी पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में अवैध रूप से जोड़े गए कनेक्शनों को कटवा दिया गया। जेई ने बताय कि कॉलोनी के लोगों पर करीब 50 लाख का बकाया चल रहा है, जिसे जमा करने के लिए कई बार कहा गया है, लेकिन कोई बकाया जमा नहीं कर रहा है। इसलिए कॉलोनी की बिजली एक हफ्ते पहले गुल की गई थी, लेकिन यहां के लोगों ने अवैध रूप से फिर से बिजली को सुचारु कर लिया।