सासनी। कस्वा एवं आसपास के इलाके में मंगलवार को अर्न्तराष्ट्रीय योग दिवस के रूप सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं प्राइवेट संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह शिविर लगा कर योग कराया गया। निरोग रहने के लिए भविष्य में नियमित रूप से योग करने का संकल्प दोहराया।
कोतवाली परिसर में थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह के निर्देशन में मंगलवार की सुबह मुंशी हरिपाल शर्मा ने थाने में तैनात उपनिरीक्षकों एवं आरक्षियों को योग कराया। योग के महत्व को समझाया। शिविर में प्रतिभाग करने आए कर्मचारियों ने योग करने का संकल्प लिया। नगर पंचायत के बच्चा पार्क में भारतीय योग संस्थान के बैनर तले उमेश दीपक वार्ष्णेय ने कस्वा के महिला पुरुषों को योग का अभ्यास कराया। योग के महत्व को समझाते हुए स्वस्थ्य एवं निरोगी रहने के लिए योग नियमित रूप से करने की नसीहत दी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के बैनर तले ग्राम लुटसान में भी योग का अभ्यास कराया गया। कन्या गुरुकुल महाविद्यालय में मुख्य अधिष्ठात्री डा0 पवित्रा के निर्देशन में विद्यालय की ब्रह्मचारिणियों ने योग का अभ्यास कराया गया तथा शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले प्रतिदिन नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।