तेज आंधी और बारिश ने बुधवार की रात को जिले में जमकर कहर बरपाया। सादाबाद में पेड़ गिरने से इसके नीचे दबकर युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य हादसों में आठ लोग घायल हो गए। पूरे जिले में 398 बिजली के खंभे धराशायी हो गए और शहर व कस्बों के अलावा 285 गांवों की बिजली ठप हो गई।
कई गांवों में करीब 26 घंटे बाद बृहस्पतिवार रात आपूर्ति सुचारू हो सकी। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव चंदपा के निकट 11 हजार की लाइन का खंभा गिरने से करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। जिले में कुल 438 पेड़ भी गिर गए। यह पेड़ कई मुख्य व संपर्क मार्गाें पर गिरे, जिससे इन मार्गाें पर आवागमन बाधित रहा। बिजली और राजस्व विभाग की टीमें जीपीएस की मदद से लगातार सर्वे कर रही हैं। बिजली विभाग को अब तक करीब 24 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
सादाबाद में पेड़ गिरने से युवक की मौत, पांच घायल
सादाबाद। आंधी तूफान की वजह से गांव नगला तासी जारऊ में एक किसान के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। गांव निवासी 38 वर्षीय मंगल सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह रात 10 बजे अपने खेत पर एक पेड़ के नीचे चारपाई पर बैठे थे और अपनी खरबूजे की फसल की रखवाली कर रहे थे। इस दौरान आई तेज आंधी से पेड़ धराशायी हो गया, जिसके मंगल सिंह उसके नीचे दब गए। मौके पर आए लोगों ने किसी तरह मंगल सिंह को पेड़ के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इनके निकट ही बैठे गोपाल पुत्र सुरेश निवासी गढ़ी जैमन भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई। लेखपाल सौरभ गौतम ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की। तहसीलदार अनिल कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। तहसीलदार ने बताया कि दैवीय आपदा व अन्य योजना के तहत पीड़ित परिवार को मदद दिलाई जाएगी।
गांव जारऊ में निसार खां पुत्र शहीद खां की पड़िया भी पेड़ के नीचे दबकर मर गई। इधर, गांव कुम्हरई में कुुंदन सिंह पुत्र विक्काराम के टिनशेड के ऊपर पेड़ गिर गया। परिवार के चार लोग इसके नीचे दबकर घायल हो गए। हादसे में कुंदन सिंह, उनकी पत्नी इमरती देवी, बेटा सत्यवीर सिंह व सत्यवीर का बेटा गजेंद्र सिंह घायल हो गए। काफी घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। गांव नीति निवास तसींगा में देवेश पुत्र नवाब सिंह के मकान की छत गिर गई और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
गांव कूपा कलां में महावीर पुत्र गुरुदयाल के आवासीय परिसर की दीवार गिर गई। गांव नौगांव में मुन्नी देवी पत्नी विजयपाल के घर की दीवार व पशुवाड़े का टिनशेड धराशायी हो गया। सादाबाद नगर सहित कई अन्य गांवों के अलावा हाथरस रोड, मुरसान रोड सहित कई मार्गों पर काफी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
सहपऊ में 40 खंभे टूटे, 125 गांवों की बिजली ठप
सहपऊ। क्षेत्र में बुधवार रात को आई तेज आंधी एवं बारिश से बिजली के लगभग 40 खंभे टूटकर गिर गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। कस्बा सहित क्षेत्र के लगभग 125 गांव पूरी तरह अंधेरे में डूबे रहे। इधर आंधी-बारिश से किसानों के खेतों खड़ी बाजरा की फसल पूरी तरह बिछ गई।
सादाबाद-जलेसर मुख्य मार्ग पर पेड़ टूटकर गिरने से रात को यातायात भी बाधित रहा। इस मार्ग से गुजरने वाले ट्रक चालकों ने ही मिलकर सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया। तब आवागमन सुचारू हो सका। कस्बा से नगला बिहारी, करकौली, तामसी, खोंड़ा, कुकरगवां एवं मानिकपुर से कोंकना कलां, बहादुरपुर देवकरण, इसौंदा एवं दोहई जाने वाले संपर्क मार्ग पर पेड़ टूटकर गिरने से आने-जाने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह तक कस्बा की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बृहस्पतिवार शाम तक बुढ़ाइच फीडर की विद्युत आपूर्ति भी बहाल होने की उम्मीद की जा रही थी।
चंदपा व बामौली बिजलीघर हुए ठप
चंदपा। आंधी के कारण कई जगह तार टूटने से चंदपा बिजलीघर से आपूर्ति कई घंटे तक बंद पड़ी रही। कई जगह लाइनों पर पेड़ टूटकर गिर गए। सुबह 4 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली बंद रही। दोपहर एक बजे बिजली बहाल हो सकी। बामौली बिजलीघर पर भी तेज आंधी में कई खंभे टूटकर गिर गए। नए खंभे लगाकर दोपहर करीब दो बजे तक बिजली बहाल हो सकी। नगला मंशा में खंभे टूटने से बिजली बंद रही। मुरसान के खुटीपुरी बिजलीघर पर करीब छह खंभे टूट जाने के कारण बिजली कई घंटे बंद पड़ी रही।
सासनी व सिकंदराराऊ में टूटे 102 खंभे, एक घायल
सासनी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गेट पर लगा अशोक का पेड़ आंधी में टूट गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। दूसरी तरफ सब्जी मंडी के गेट पर लगा नीम का पेड़ भी उखड़कर गिर गया, जिससे आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर यातायात बाधित रहा। दूसरी तरफ जरैया गदाखेड़ा और रुदायन में पेड़ टूटने से रास्ता बंद हो गया।
क्षेत्र के गांव नगला मियां में घर के बाहर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग भोली दीवार गिरने से इसके मलबे में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आंधी से क्षेत्र में 100 से अधिक पेड़ टूटने की सूचना है। सासनी और सिकंदराराऊ क्षेत्र में 102 खंभे टूटने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। बिजाहरी स्थित सलीम डेयरी पर लगे सोलर प्लांट की प्लेट उड़कर टूट गई, जिससे डेयरी संचालक को करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जंक्शन क्षेत्र में गांव में ठप रही बिजली, लोग हुए परेशान।
हाथरस जंक्शन। क्षेत्र के गांव दरियापुर, नगरिया, भोजगढ़ी, तिलौठी, रामपुर, भोपतपुर, हाजीपुर, सलेमपुर, टिकारी, बरौली, चंदनपुर, हीरापुर, अजीतपुर, फरौली, बबूलगांव, बघराया, मेंडू, मिरगामई सहित कई गांवों में खंभे टूटने से बिजली ठप हो गई।
यहां 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हुई बिजली
जनपद में कई गांव ऐसे हैं, जहां आंधी आने के करीब 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी है। इनमें लाखनू, ऐंहन, लहरा, रुहेरी और शहर में वाटर वर्क्स उपकेंद्र से जुड़े नगला चौबे फीडर की बिजली बृहस्पतिवार की देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। मथुरा रोड पर कई जगह पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में एनआईसी के इंटरनेट का एंटीना उड़ गया। सिकंदराराऊ में वॉयरलेस के सेटअप को भी नुकसान हुआ।
118 खंभे सादाबाद में गिरे।
125 खंभे हाथरस देहात में गिरे।
40 खंभे सहपऊ में गिरे।
102 खंभे सासनी व सिकंदराराऊ में गिरे।
12 खंभे हाथरस शहर में गिरे।
06 हजार रुपये करीब एक खंभ्ज्ञे को सही करने में आता है खर्च।
24 लाख रुपये का जिले में बिजली विभाग को हुआ नुकसान
438 पेड़ भी जिले में कई जगह धराशायी
ग्रामीण क्षेत्र में करीब 125 खंभे गिरे हैं। कुछ जगह को छोड़कर करीब सभी जगह बिजली बहाल कर दी गई है। रात 12 बजे तक सभी जगह बिजली को बहाल कर दिया जाएगा।
-विश्वेंद्र चौहान, अधिशासी अभियंता, हाथरस देहात।
आंधी से काफी नुकसान हुआ है। कर्मचारी एवं अधिकारी लाइन एवं खंभों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। 102 खंभे सिकंदराराऊ और सासनी में टूटे हैं। लगभग सभी जगह रात तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।
-अभिनव तिवारी, अधिशासी अभियंता, सासनी, हाथरस।