हाथरस। सिकंदराराऊ में साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत मामले में एडीजे कोर्ट संख्या-01 में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। सीतापुर में तैनात महिला दरोगा से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये बयान के बाद जिरह हुई।
प्रकरण में अब तक 45 लोगों की गवाही हो चुकी है। सीतापुर की कोतवाली नगर में तैनात एसआई दीक्षा गंगवार की 22 अक्तूबर को कोर्ट में बयान हुए थे। एसआई ने कोर्ट को बताया था कि घटना के समय वे आगरा के थाना एमएम गेट में प्रशिक्षु एसआई के पद पर तैनात थीं।
सिकंदराराऊ में सत्संग हादसे के बाद 21 शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा की मोर्चरी में पहुंचीं थीं। इस दौरान उनकी ड्यूटी पंचायत नामा की कार्रवाई के लिए लगाई गई थी। एसआई ने बताया कि उनके द्वारा दो महिलाओं के शवों के पंचनामा की कार्यवाही की गई थी। मथुरा की मृतका मुंद्रा व फरीदाबाद की तारा देवी की शिनाख्त कराकर पंचनामा भरा गया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए थे।
बृहस्पतिवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दरोगा से जिरह की और सवाल-जवाब किए। महिला दरोगा ने कहा कि मृतकों के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। पंचनामा भरने के दौरान लोगों ने दम घुटने से मौत की आशंका जाहिर की थी। जिरह पूरी की गई। इसके बाद प्रकरण में अगली तिथि 12 नवंबर लगाई गई है। संवाद