संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
गांव कमालपुर के पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की हत्या फिरोजाबाद के तीन शूटरों ने की थी। इन्हीं शूटरों ने पिछले माह सिरसागंज निवासी आढ़ती की भी गोली मारकर हत्या की थी। इसका खुलासा फिरोजाबाद पुलिस ने की है। फिरोजाबाद पुलिस ने एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने रामखिलाड़ी यादव को गोली मारने की बात कबूल कर ली है। अब कोतवाली पुलिस इन्हें सुपारी देने वाले स्थानीय लोगों की तलाश में माथा पच्ची कर रही है।
बता दें कि मई महीने में पूर्व प्रधान कमालपुर रामखिलाड़ी यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। वे एक साथी के साथ बाइक पर बैठ कर वापस अपने गांव जा रहे थे। मामले को लेकर मृतक के पुत्र विक्की ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने एक नामजद पिंटा निवासी गांव नगला हरी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था।
अब, फिरोजाबाद पुलिस की ओर से जारी प्रेसनोट में उल्लेख किया गया है कि 27 जून को इटावा रोड कस्बा सिरसागंज में आढ़तिया पवन कुमार पुत्र दिवाकर सिंह की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। पवन की हत्या की सुपारी पांच लाख रुपये में दी गई थी।
13 जुलाई को करहल रोड बिजलीघर के पास पुलिस ने सुखवीर उर्फ सुखैया उर्फ श्याम लालपुत्र विजय सिंह उर्फ खजान सिंह निवासी उरावर थाना नगला खंगर फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। सुखबीर ने पुलिस को बताया कि पवन कुमार की हत्या के अलावा उन्होंने सवा माह पहले सिकंदराराऊ में पूर्व प्रधान रामखिलाड़ी यादव की हत्या अपने साथी अमन यादव उर्फ बब्बन पुत्र अशोक यादव निवासी नगला महाराम थाना नगला खंगर तथा राजीव यादव पुत्र रामचंद्र निवासी चंद्रहंस की मढैया नगला खंगर फिरोजाबाद के साथ मिलकर की थी।
हालांकि, उन्हें इसके लिए किसने सुपारी दी थी इसका पता अभी नहीं चल सका है। कोतवाल प्रवेश राना का कहना है कि आरोपी शूटर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। अन्य दो शूटरों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।