सादाबाद से राया मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को जल्द ही जर्जर सड़क पर हिचकोले खाने से राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और नवीनीकरण की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। कार्य पूरा होने के बाद सादाबाद से मथुरा की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सादाबाद से मथुरा तक कुल 29.600 किलोमीटर लंबे मार्ग में से 12.600 किलोमीटर हिस्से की जिम्मेदारी हाथरस के लोक निर्माण विभाग को दी गई है। इसमें शहरी क्षेत्र के 2.025 किलोमीटर हिस्से में सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में सात मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 10 मीटर किया जा रहा है।
इस हिस्से में करीब 1100 मीटर सड़क सीसी निर्माण के साथ विकसित की जा रही है। लगभग 925 मीटर कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। इसके अलावा मथुरा सीमा की ओर करीब 10.400 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण को भी स्वीकृति मिल गई है। विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है।
इस हिस्से के लिए करीब 4.77 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। शहरी क्षेत्र में 2.025 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद मार्ग की क्षमता बढ़ेगी और यातायात भी सुगम होगा। इससे सादाबाद, राया और मथुरा के बीच आवागमन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।