ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सासनी से कैलोरा मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग द्वारा सड़क का प्रारंभिक सर्वे कराया गया है और इसे नई कार्य योजना में शामिल करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई 5.5 मीटर है, जिसे बढ़ाकर सात मीटर किए जाने की योजना है। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से प्रतिदिन 20 से अधिक गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सड़क संकरी होने के कारण दो बड़े वाहनों के एक साथ निकलने में दिक्कत होती है, जिससे कई बार जाम और दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क सासनी कस्बे और अन्य प्रमुख बाजारों से बना रहता है। किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को बेहतर सड़क की सुविधा मिलने से आवागमन में आसानी होगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभिंयता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक सर्वे के बाद तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे विभाग की नवीन कार्ययोजना में शामिल कर शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से न केवल यात्रा सुरक्षित होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।